नमस्ते इंडिया न्यूज
अजय तावरे
पांढुर्ना 

        आज दोपहर में नगरपालिका के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने तीन शेर चौक पर स्थित अनेक फल बेचनेवाले हाथठेलों एवं गुमठियों  का अतिक्रमण हटाया। दोपहर लगभग 1 बजे जब अतिक्रमण हटाओ दस्ता चौराहे पर पहुंचा तो सभी फल विक्रेताओं में हडकंप मच गया। कुछ फल विक्रेताओं ने अपनी दुकानें स्वयं ही हटा ली लेकिन कुछ दुकानदारों को बलपूर्वक हटाया गया। इस दौरान कुछ टपरिया एवं अन्य सामग्री नगरपालिका द्वारा जब्त कर ली गई। हालांकि अनेक फल विक्रेताओं ने हल्का विरोध किया लेकिन प्रशासन पर इसका कोई प्रभाव नहीं हुआ।

                  
      इस संबंध में नगरपालिका के अधिकारी सुनील बघेले ने बताया कि तीन शेर चौक शहर का प्रमुख चौराहा है। यहां अमरावती, भोपाल, नागपुर से आनेवाली यात्री बसे एवं अनेक बडे ट्रक दिनभर गुजरते है। इसके साथ ही कलेक्टर कार्यालय जाने का यहां से सीधा रास्ता है।


              एैसे महत्वपूर्ण चौराहे पर फल विक्रेताओं ने खूब अतिक्रमण कर रखा था। बताया गया कि इस चौराहे पर 15-20 फल विक्रेताओं ने अतिक्रमण कर रखा था जिससे परिवहन एवं यातायात में काफी दिक्कते आ रही थी। नागरिकों द्वारा भी इस सबंध में कई बार नपा का ध्यान आकर्षित किया गया था। 


         
     
 रसीदें स्थायी कब्जे के लिए नहीं है 

       अतिक्रमणकर्ता फल विक्रेताओं ने नगरपालिका द्वारा दी गई 1-1 हजार रू. की रसीदें दिखाकर अपने साथ अन्याय होने की बात कही। दूसरी तरफ नपा अधिकारी सुनील बघेले ने बताया कि यह अस्थायी दखल की रसीद है। इसका मतलब है कि आप दिनभर शहर एवं रिहायशी क्षेत्रों में भर में घूम घूम कर व्यापार कर सकते है।
          इस रसीद को काटने पर शहर के मुख्य चौराहों, सडकों या किसी भी क्षेत्र में स्थायी रूप से दुकानें नहीं लगायी जा सकती। इन्होंने बताया कि तीन शेर चौराहे पर इन दुकानदारों ने बीते कुछ वर्षों से एक ही स्थान पर अतिक्रमण कर रखा था।